हनुमानगढ़। आयुर्वेद के महान आचार्य महर्षि चरक की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को वाग्भट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें डीएएनपी, बीएससी नर्सिंग, आयुर्वेद एवं बीएनवाईएस के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में आयुर्वेद, चिकित्सा पद्धति तथा महर्षि चरक के जीवन और उनके योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञान प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बीएससी नर्सिंग की छात्रा पिंकी ने प्रथम, डीएएनपी के छात्र अजय सिंह ने द्वितीय तथा बीएनवाईएस की छात्रा कुमकुम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वाग्भट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि महर्षि चरक ने आयुर्वेद को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यार्थियों को उनके जीवन, सिद्धांतों और आयुर्वेद के प्रति योगदान से प्रेरणा लेकर भारतीय चिकित्सा परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आयुर्वेद के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके ज्ञान में भी वृद्धि करते हैं। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ ज्ञानवर्धक एवं प्रतियोगितात्मक कार्यक्रमों का आयोजन आवश्यक है। महर्षि चरक की शिक्षाएं आज भी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों को भारतीय चिकित्सा पद्धति की समृद्ध विरासत को समझते हुए आधुनिक संदर्भ में इसके प्रचार-प्रसार के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. राकेश, डॉ. मांगीलाल, डॉ. ज्योति, डॉ. हरीश, शुभम, डॉ. साहिल, डॉ. युदित्य गोदारा सहित आयुष विभागाध्यक्ष अरविंद सिंह एवं अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।
