चारणवासी/फेफाना। उप तहसील फेफाना में शनिवार को ईद-उल-फितर का पावन पर्व हर्षोल्लास, भाईचारे और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। मुख्य ईदगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा आपसी सौहार्द के लिए विशेष दुआ मांगी। ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम मुहम्मद यूसुफ ने ईद की विशेष नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज से पूर्व आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए हीरा मस्जिद के इमाम मौलाना साजिद ने मानवता, नैतिकता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सच्चे ईमान वाले व्यक्ति के लिए वह हर दिन ईद के समान है, जिस दिन उससे कोई गुनाह न हुआ हो। उन्होंने कहा कि इस्लाम किसी भी जीव को तकलीफ न पहुंचाने और इंसानियत की राह पर चलने की सीख देता है। साथ ही लोगों से अपने गुनाहों से तौबा कर खुदा से माफी मांगने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्षेत्र में कौमी एकता की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। हिंदू समुदाय के कई प्रबुद्ध नागरिक और गणमान्य लोग ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई देने पहुंचे। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्नल ओपी सुमारा, शिक्षाविद् राजेंद्र ढाका, विपिन स्वामी, बलबीर बिजारणियां, जसवंत बेनीवाल और बंशी लाल भादू सहित अनेक लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। दिनभर एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा और पूरे क्षेत्र में भाईचारे व सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
