हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से प्रेषित स्टेट एक्शन प्लान की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी ने शनिवार को जिला कारागृह का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को मिलने वाले भोजन, पुस्तकालय एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में पूछा गया, जिस पर बंदियों ने किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही। निरीक्षण के दौरान कारागृह का वातावरण स्वच्छ पाया गया। अध्यक्ष ने प्रिजन लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने बंदियों को नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, ऑनलाइन पोर्टल, नि:शुल्क विधिक सहायता तथा धारा 436ए के तहत जमानत के प्रावधानों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषिराज बेनीवाल, सहायक एलएडीसी अधिवक्ता रविन्द्र सिंह एवं अधिकार मित्र हरीश सिंह भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष तनवीर चौधरी की ओर से किशोर न्याय बोर्ड का त्रैमासिक निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान उन्होंने बोर्ड में संधारित रजिस्टरों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया तथा किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
