हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड छह स्थित हाउसिंग बोर्ड निवासी सद्दाम हुसैन (35) पुत्र काले खां 22 मार्च को अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपनी माताजी के घर नई खुंजा गए हुए थे। मकान कई दिनों तक बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा 26 मार्च को उस समय हुआ जब दोपहर करीब 1.46 बजे पड़ोसी अफसर अली ने सद्दाम हुसैन को फोन कर उसके घर के मुख्य गेट और एक कमरे का दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सद्दाम हुसैन अपने परिजनों के साथ तुरंत घर पहुंचा। मौके पर पहुंचने पर घर का मुख्य गेट खुला था और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त हालत में बिखरा हुआ मिला। अलमारियां और सामान खंगालने के बाद पता चला कि चोर घर से कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के झुमके, नामा व नथली, दो लेडीज व एक जेंट्स सोने की अंगूठी, चार चांदी की पाजेब, चांदी का परिबंध, चांदी का कड़ा, बच्चे की चांदी की गले की चेन और 4500 रुपए नकदी शामिल है। बताया गया कि कुल मिलाकर करीब 5 तोला सोना, 1 किलो चांदी और नकदी चोरी हुई है, जिसकी कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। घटना के बाद आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। पास के एक मकान में लगे कैमरे में एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में नजर आए। महिला गुलाबी रंग की सलवार व काली जैकेट पहने हुए थी, जबकि पुरुष हरी पैंट व सफेद शर्ट में दिखाई दिया। दोनों के हाथ में बैग था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यही लोग चोरी की वारदात में शामिल हो सकते हैं। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई नीकूराम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया जाएगा।
