हनुमानगढ़। गुड डे डिफेंस स्कूल के खिलाड़ियों ने बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। गांव नगराना, संगरिया में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट में गुड डे डिफेंस स्कूल की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। गुड डे डिफेंस स्कूल की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी टीमों को पीछे छोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। फाइनल मुकाबले में गुड डे डिफेंस स्कूल ने जीआर ग्लोबल कैंचियां की टीम को 60-12 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम के खिलाड़ी उर्विश, कक्षा 8 को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंटÓ चुना गया। लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल, हनुमानगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट में गुड डे डिफेंस स्कूल की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए सेकंड रनर-अप ट्रॉफी हासिल की। दोनों टीमों की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि गुड डे डिफेंस स्कूल के खिलाड़ियों ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। संस्था के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों की सफलता उनकी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने जिला चैंपियनशिप जीतने वाली टीम और अंडर-19 गर्ल्स टीम के खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि गुड डे डिफेंस स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन का प्रयास है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी। कोच हर्षदीप सिंह ने बताया कि टीम की सफलता के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और पूरे दल के बेहतरीन तालमेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में टीम भावना का प्रदर्शन किया और एकजुट होकर मुकाबले खेले। खिलाड़ियों ने अभ्यास के दौरान की गई मेहनत को प्रतियोगिता में प्रभावी ढंग से मैदान पर उतारा, जिसका परिणाम जिला चैंपियनशिप के रूप में सामने आया।
