बीकानेर। जिले में शनिवार को जयपुर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय युवती की मौत हो गई। रासीसर के पास बस और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में स्कूटी सवार युवती की मौके पर ही जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और युवती का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस के अनुसार, बीकानेर की ओर जा रही एक निजी बस और सामने से आ रही स्कूटी की तेज रफ्तार में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी चला रही अंबेडकर सर्किल निवासी कुसुम सैनी (17) गंभीर रूप से घायल हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए जयपुर रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नापासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने स्कूटी से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान की और उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। इस दौरान मौके से गुजर रहे एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार आमिर कायमखानी ने मानवीय पहल करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई। उनकी मदद से युवती के शव को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जयपुर रोड पर पिछले कुछ समय से लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पहले भी इसी मार्ग पर हुए एक अन्य सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जयपुर रोड पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सख्त यातायात नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
