हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को जंक्शन स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक को संबोधित करते हुए बसपा के लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला ने कहा कि मजबूत संगठन के बलबूते ही सत्ता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और आगामी चुनावों को पूरी मजबूती के साथ लड़ें। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल चुनावों में झूठे वादे करते हैं और सत्ता में आने के बाद जनता की समस्याओं की अनदेखी करते हैं, जबकि बसपा ही सुशासन देने में सक्षम है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बसपा जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर तक पार्टी का विस्तार करें और विधानसभा, नगर पालिका तथा पंचायत चुनावों के लिए अभी से तैयारी शुरू करें। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष संजय अठवाल, प्रेमनाथ सपेरा, पीलीबंगा प्रभारी कालूराम पटीर, पीलीबंगा अध्यक्ष रामगोपाल परिहार, संगरिया प्रभारी संदीप पटीर, संगरिया अध्यक्ष शंकर नायक, ताराचंद परिहार, सुंदरलाल ओड, रामस्वरूप बौद्ध, भादरराम जिनागल, देवराज, मंगला राम नायक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
