हनुमानगढ़। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित ग्रीन पार्क के पास भजन संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गुरु आशुतोष महाराज जी की साध्वी शिष्या निशा भारती जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के महत्व से अवगत कराया।

साध्वी निशा भारती जी ने अपने प्रवचन में कहा कि दिव्यता से परिपूर्ण और महाफल प्रदान करने वाली श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने से मानव जीवन भक्ति, शक्ति, सकारात्मकता, सुख और शांति जैसी दिव्य ऊर्जाओं से परिपूर्ण हो जाता है। उन्होंने बताया कि हमारे शास्त्रों में वर्णित प्रार्थनाएं जीवन को सही दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने ऋषियों द्वारा की गई प्रार्थना का उल्लेख करते हुए कहा ‘असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय।

मृत्योर्मा अमृतं गमय॥ ‘अर्थात् हे प्रभु! हमें असत्य से सत्य की ओर ले चलो, अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले चलो और मृत्यु से अमरत्व की ओर ले चलो। साध्वी जी ने कहा कि प्रभु की पावन कथा हमारा मार्गदर्शन करती है। इसका सान्निध्य अत्यंत दुर्लभ है, किंतु सौभाग्य से हमें यह सहज रूप में प्राप्त हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को आगामी श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता का आह्वान किया।

उन्होंने जानकारी दी कि मोक्ष प्रदायिनी श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन हनुमानगढ़ जंक्शन की अनाज मंडी में 16 मार्च से 22 मार्च तक किया जाएगा। कथा प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में उपस्थित होकर अपने जीवन को सार्थक बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान साध्वी सविता भारती जी ने सुमधुर कृष्ण भजनों का गायन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजन संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
