हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू के बीच नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने कार्य व्यवस्था में बदलाव की मांग उठाई है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान दो पारी व्यवस्था के स्थान पर एक पारी में ड्यूटी लगाने की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी सफाई ड्यूटी वार्डांे में दो पारियों में लगाई जाती है, लेकिन वर्तमान में तेज गर्मी और हीट वेव के चलते सफाई कार्य करना काफी कठिन हो गया है। गर्मी के कारण कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा लू लगने से बुखार, उल्टी, ब्लड प्रेशर और चक्कर आने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। सफाई कर्मचारी लक्ष्मी देवी ने बताया कि जिले में भीषण गर्मी का दौर जारी है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इसके बावजूद नगर परिषद क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों से दिन में दो समय सफाई कार्य करवाया जा रहा है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। गली-मोहल्लों में सफाई कार्य के दौरान कई बार कर्मचारियों को पेयजल की भी समस्या का सामना करना पड़ता है। सफाई कर्मचारियों ने मांग की है कि उनकी ड्यूटी सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पारी में निर्धारित की जाए, ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कार्यालय नगर परिषद श्रीगंगानगर की ओर से 19 मई को जारी आदेश के तहत भीषण गर्मी को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी एक समय कर दी गई है। कर्मचारियों ने हनुमानगढ़ में भी इसी प्रकार की व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही कर्मचारियों ने नगर परिषद में एनजीओ के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों की समस्याएं भी उठाईं। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को कम वेतन दिया जा रहा है और भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। उन्होंने एनजीओ कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
