हनुमानगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में “महिलाओं और बालिकाओं के लिए अधिकार, न्याय और कार्यवाही” थीम पर शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 85 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओ.पी. बिश्नोई रहे।

शुरुआत में राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक वैभव अरोड़ा ने जिले में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए संचालित गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। अपने संबोधन में सीईओ बिश्नोई ने महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्त होना समाज की प्रगति का आधार है।

जयपुर से पहुंचे यूएन वूमेन की स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. मुक्ता अरोड़ा ने महिलाओं के अधिकार, समानता और नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए। महिला अधिकारिता विभाग की श्रुतिका डागला ने उपस्थित महिलाओं को लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा की रोकथाम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया।
