हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर द आई-स्कूल बाय एडुमेटा में शनिवार को माताओं और बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के दौरान माताओं ने अपने बच्चों के साथ मिलकर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें माताओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना था। विद्यालय के निदेशक पंकज उप्पल ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और समाज में उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का दिन है। उन्होंने कहा कि मां ही बच्चे की पहली शिक्षिका होती है और बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में माताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। वहीं प्रबंध निदेशक मेघा उप्पल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से माताओं और बच्चों के बीच का रिश्ता और मजबूत होता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को मंच पर आने का आत्मविश्वास मिलता है और वे अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माताओं और बच्चों को सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।
