हनुमानगढ़। सरस्वती वीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किशनपुरा दिखनादा की मेधावी छात्रा मीनाक्षी ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के आर्ट्स संकाय में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट परिणाम की जानकारी मिलते ही परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल बन गया। मीनाक्षी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता देवकरण और माता सुमन को दिया। उन्होंने बताया कि माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी। मीनाक्षी का लक्ष्य भविष्य में आरएएस (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना है। विद्यालय परिवार ने भी छात्रा की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
