– जिला स्तरीय निबंध-चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित- राज्य स्तर पर हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे विद्यार्थी
हनुमानगढ़। ‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत’ के तहत आयोजित जिला स्तरीय निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को बुधवार को टाउन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में सम्मानित किया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी काशीराम सहारण ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन पहले विद्यालय स्तर, इसके बाद ब्लॉक स्तर और अंत में जिला स्तर पर किया गया। जिला स्तर पर अव्वल रहे विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। चित्रकला प्रतियोगिता में संगरिया की कोमल ने प्रथम, हनुमानगढ़ की नव्या ने द्वितीय तथा नोहर के हिमांशु ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की मानसी प्रथम, धोलीपाल की इन्द्रा चौहान द्वितीय तथा मेहरवाला की प्रियंका तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्रमश: 2100, 1100 और 500 रुपए का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि उनके विद्यालय को जिला स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला। विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए चित्रों को 5 अक्टूबर को जयपुर स्थित शिक्षा संकुल भेजा जा चुका है। ये चित्र राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना है। विद्यार्थियों को यह अवसर मिला कि वे अपने सपनों के भारत और देश के भविष्य को लेकर अपनी सोच एवं भावनाओं को निबंध और चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त कर सकें। कार्यक्रम का मंच संचालन प्राध्यापक राधाकृष्ण ने किया।
