हनुमानगढ़। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय परिसर में कार्यरत यातायात सलाहकार जन सेवा समिति में आंतरिक मतभेद के चलते संगठन दो गुटों में बंट गया है। पिछले वर्ष दिसम्बर 2025 में हुए चुनाव में मंगल सिल्लू को एक वर्ष के लिए सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया था। इसी बीच मंगलवार को समिति से जुड़े कुछ सदस्यों ने अलग बैठक कर सुशील कुकरेजा को नया अध्यक्ष तथा धन्नेसिंह को उपाध्यक्ष चुन लिया। इस निर्णय के बाद समिति में विवाद गहरा गया और दूसरे गुट ने इसे अवैध बताते हुए विरोध दर्ज कराया। समिति के अध्यक्ष मंगल सिल्लू ने कहा कि कुछ सदस्यों के बीच मनमुटाव जरूर हुआ है, लेकिन जल्द ही सुलह कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि समिति के लगभग 95 प्रतिशत सदस्य उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की ओर से अलग से अध्यक्ष घोषित करना गलत है, क्योंकि उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया था। मंगल सिल्लू ने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य पुन: एकजुट होकर समिति के कार्यांे में सहयोग करेंगे। समिति सदस्य मनीष शर्मा ने कहा कि समिति में मतभेद कुछ लोगों की वजह से उत्पन्न हुए हैं, लेकिन मंगल सिल्लू के नेतृत्व पर किसी प्रकार का सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को मिलकर काम करना चाहिए और आपसी मतभेद समाप्त किए जाएंगे। वहीं भगवती प्रसाद राठी ने कहा कि समिति का गठन दिसम्बर 2025 में सर्वसम्मति से हुआ था, जिसमें मंगल सिल्लू को अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने कहा कि कुछ सदस्यों की ओर से अलग से अध्यक्ष घोषित करना पूरी तरह गलत है। उनके अनुसार समिति परिसर में केवल मंगल सिल्लू ही वैध अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य सेवा भाव से कार्य करना और यातायात से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है, इसलिए सभी सदस्यों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अलग हुए सदस्य जल्द ही वापस समिति से जुड़ जाएंगे।
