हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर 12 मई 2026 को एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित हुए राज्य स्तरीय समारोह में हनुमानगढ़ की राज औलख को सम्मानित किया गया। राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय द्वारा जारी आदेश सूची में श्रीमती राज औलख का नाम चयनित श्रेष्ठ नर्सिंग कर्मियों में शामिल किया गया है। नर्सिंग सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य, मरीजों के प्रति समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के 18 नर्सिंगकर्मियों को सम्मानित किया गया। राज औलख ने इस सम्मान के लिए सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पीएमओ डॉ. शंकरलाल सोनी सहित समस्त नर्सिंगकर्मियों का आभार व्यक्त किया है। औलख वर्तमान में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय में प्राचार्य और एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र में नर्सिंग अधीक्षक के पद पर सेवाएं दे रही हैं।
