हनुमानगढ़। फागुन की मस्ती और रंगों की उमंग के बीच फुडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन एवं व्यापार मण्डल शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में टाउन स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति प्रांगण में भव्य होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शहर के व्यापारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में भाईचारे, एकता और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण सहित समस्त कार्यकारिणी द्वारा बाबा श्याम को रंग-गुलाल अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित व्यापारियों ने आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ एक-दूसरे को रंग लगाया।

ढोल-नगाड़ों की थाप और फागुनी गीतों के बीच सभी ने पर्व का आनंद उठाया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से व्यापारिक समुदाय के बीच संबंध मजबूत होते हैं और सामूहिक विकास की भावना को बल मिलता है। उपस्थित सदस्यों ने क्षेत्र की खुशहाली तथा व्यापार में निरंतर उन्नति की कामना की। समारोह में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ईशान चौधरी, सचिव दलीप सिंह ढिल्लो, सहसचिव आशीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रवीण तलवाडिया, सनी जुनेजा, हिमांक बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष विकास हिसारिया, सचिव हरीकृष्ण खदरीया, सहसचिव संजय कुमार, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल मोन्टी सहित अनेक व्यापारीगण कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी और भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
