– दोषियों की गिरफ्तारी और रोडवेज कर्मियों पर कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। भादरा क्षेत्र के मलसीसर गांव में छात्र रजत शर्मा के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर रावतसर में बुधवार को सर्व समाज और बार संघ सहित विभिन्न संगठनों में भारी रोष देखने को मिला। विभिन्न संगठनों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम उपखंड अधिकारी रावतसर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 8 मई 2026 को भादरा से मलसीसर जाते समय छात्र रजत शर्मा के साथ कथित रूप से मात्र एक रुपये किराए के विवाद को लेकर बस परिचालक और अन्य लोगों ने बेरहमी से मारपीट की। आरोप लगाया गया कि युवक पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह उपचाराधीन है। सर्व समाज एवं बार संघ रावतसर ने प्रशासन से मांग की कि घटना में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों की निष्पक्ष और गहन जांच कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने, आरोपियों पर गंभीर धाराएं लगाने तथा घटना में कथित रूप से शामिल रोडवेज कर्मियों और एसडीएम के निजी चालक को तत्काल सेवा से हटाने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की तो सर्व समाज और विभिन्न संगठन आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में आमजन का विश्वास बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ त्वरित, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई आवश्यक है। इस दौरान ब्राह्मण समाज अध्यक्ष विनोद सुरोलिया, राहुल शर्मा, शिवरतन पारीक, अनिल शर्मा, श्रीनिवास सोनी, सुशील खदरिया, पवन बिहाणी, राजवीर सिंह रावतोत, मोखमसिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वहीं बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट विनोद स्वामी, एडवोकेट रामनिवास शर्मा, एडवोकेट हनुमान शर्मा, एडवोकेट उमाशंकर शर्मा, एडवोकेट पवन सारस्वत, एडवोकेट दुलीचंद अटवाल, एडवोकेट अमित शर्मा, एडवोकेट गजेन्द्र नरूका, एडवोकेट महीपाल वर्मा, एडवोकेट वीनस गोयल, एडवोकेट अनिल सिहाग, एडवोकेट राजशेखर शर्मा, एडवोकेट कमलेश पांडे, एडवोकेट सुरेन्द्र हुड्डा, एडवोकेट अर्जुन ढुंढाडा, एडवोकेट सतपाल भादू, भजनलाल पंचारिया, अरविन्द जोशी, राजेन्द्र दायमा, रोहित शर्मा, राकेश शास्त्री, अतुल शर्मा, श्याम पारीक, अभिषेक शर्मा, छगनलाल जोशी, बंशीधर धानसिया, विष्णु जोशी, भवानी शंकर शर्मा, महावीर शर्मा, देवीलाल मटोरिया, अशोक शर्मा, हरीश चन्द्र शर्मा, मदन पारीक, प्रभु खंडेलवाल, राकेश स्वामी और समीर गेदर सहित सैकड़ों नागरिकों ने पीड़ित परिवार के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
संवाददाता- जगत जोशी
