सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर थाना सिरसा के अंतर्गत जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सिरसा में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सिरसा के प्रिंसिपल द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि कुछ अज्ञात युवक संस्थान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और पुराने हॉस्टल की बिल्डिंग में रखे कंडम सामान में से लोहे की चौखाटें और एल्यूमीनियम की चादरें चोरी कर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर शहर थाना सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन लाल पुत्र धन्ना राम निवासी नेजाडेला, जिला सिरसा को शहर सिरसा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई लोहे की चौखाटें और एल्यूमीनियम की चादरें भी बरामद कर ली हैं। पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
