ऐलनाबाद। शिक्षा विभाग की टीमों ने बुधवार को ऐलनाबाद क्षेत्र के दो निजी स्कूलों में औचक निरीक्षण कर फीस संरचना, पाठ्य पुस्तकों और अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान निर्धारित नियमों के पालन को लेकर विभिन्न बिंदुओं का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साई ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से इस बात की जांच की गई कि किसी भी छात्र या अभिभावक पर किताबें किसी एक निश्चित विक्रेता या स्रोत से खरीदने के लिए दबाव तो नहीं बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीमों ने निर्धारित पाठ्य पुस्तकों और फीस संरचना से संबंधित दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि स्कूल परिसर में यूनिफॉर्म या स्टेशनरी की कोई दुकान संचालित नहीं की जा रही है। दोनों स्कूलों में व्यवस्थाओं की जांच करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि शिक्षा विभाग के सभी नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस तरह के औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और अभिभावकों का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी निजी स्कूलों में इसी प्रकार निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
