– नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई, स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान व पौधारोपण
हनुमानगढ़। राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. राम पाल अहरोदिया, मुख्य अतिथि डॉ. तीर्थ राज, उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग, हनुमानगढ़, दंत चिकित्सक डॉ. लोकेंद्र राघव तथा महाविद्यालय स्टाफ ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एनएसएस के जिला समन्वयक डॉ. विनोद खुडीवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र ‘नॉट मी बट यू’ यानी ‘मैं नहीं, आप’ का संदेश दिया। उन्होंने एनएसएस एवं समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवावस्था में समाज सेवा से जुड़ने से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सुधार एवं रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य सत्र में ‘योग और स्वस्थ जीवन शैली’ विषय पर व्याख्यान देते हुए डॉ. तीर्थराज शर्मा ने दैनिक जीवन में योग एवं प्राणायाम के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगासन एवं प्राणायाम से शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक तनाव को भी कम किया जा सकता है। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. वर्षा ने खराब खान-पान एवं निष्क्रिय जीवनशैली के कारण युवाओं में बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया। योग प्रशिक्षक अनुरित कौर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से ध्यान एवं योग को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। दंत चिकित्सक डॉ. लोकेंद्र राघव ने विद्यार्थियों को दांतों की सही देखभाल एवं विभिन्न दंत रोगों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने दिन में दो बार ब्रश करने, मसूड़ों की सफाई रखने तथा मीठी व चिपचिपी चीजों से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने पायरिया एवं कैविटी जैसी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित रूप से दांतों की देखभाल करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया तथा पौधारोपण किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी किरण ढिल्ल, ममता, भागवन्ती, अनमोल कुमार शर्मा, कृति गोयल सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
