हनुमानगढ़। बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को जंक्शन में रेलवे स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के निकट ई-रिक्शा यूनियन के सदस्यों की ओर से ठंडे-मीठे पानी की छबील लगाई गई। छबील के दौरान राहगीरों को मान-मनुहार कर शीतल एवं मीठा पानी पिलाया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। यूनियन प्रधान कतर सिंह ने बताया कि छबील का आयोजन किसी प्रकार का नाम कमाने के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत और सेवा भावना के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि दान-पुण्य की यह परंपरा आगे भी जारी रखी जाएगी। जून माह की भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य बेहद आवश्यक हैं। यूनियन के नक्षत्र सिंह ने बताया कि वर्तमान में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाजार और स्टेशन क्षेत्र में आने-जाने वाले नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए छबील का आयोजन किया गया। उन्होंने आमजन से भी गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील की। छबील सेवा में यूनियन के उमेश पाल, पुष्पेंद्र कुशवाहा, प्रवीण कुमार, अखिलेश कुमार, गुलशन, अनिल, चमन, राहुल, अमीलाल सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और राहगीरों को शीतल जल वितरित किया।
