– विश्व हिंदू परिषद की पाठशाला की बालिकाओं ने सामाजिक समरसता का दिया संदेश
हनुमानगढ़। विश्व हिंदू परिषद की ओर से संचालित पाठशाला में अध्ययनरत वंचित परिवारों की बालिकाओं ने शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व अनूठे अंदाज में मनाया। बालिकाओं ने पुलिस अधिकारियों, शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों और अन्य गणमान्य नागरिकों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह के साथ सामाजिक समरसता का संदेश दिया। विहिप के जोधपुर प्रांत सहसेवा प्रमुख राजेंद्र स्वामी के नेतृत्व में बालिकाओं ने विभिन्न अधिकारियों व चिकित्सकों को राखी बांधी। स्वामी ने बताया कि विहिप के सेवा विभाग की ओर से टाउन में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित बस्ती में रहने वाले वंचित परिवारों के बच्चों को शिक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उन्होंने स्वयं बस्ती में पहुंचकर बालिकाओं से राखी बंधवाई और उनके साथ पर्व मनाया। इसके बाद बालिकाएं टाउन थाना पहुंचीं, जहां उन्होंने थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल की कलाई पर राखी बांधी। पुलिस अधिकारियों ने भी बालिकाओं को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। राजेंद्र स्वामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का विचार था कि समाज के वंचित वर्ग की सबसे पहले सेवा की जानी चाहिए। विहिप इसी विचार को आधार बनाकर सेवा कार्यांे को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि बस्ती के बड़े बालक-बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई, कढ़ाई, मेहंदी और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न कार्यांे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही युवाओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का लाभ दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि वे हुनर सीखकर रोजगार से जुड़ सकें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने बच्चों और समाज के विभिन्न वर्गांे के बीच अपनत्व एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
