हनुमानगढ़। टाइम्स पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, कविताएं, गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा, डायरेक्टर गोपाल लड्ढा, कोषाध्यक्ष कपिल लड्ढा, प्रधानाचार्या नेहा शर्मा, बीएड प्रधानाचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू एवं फार्मेसी प्रधानाचार्य अश्विनी शर्मा मौजूद रहे। चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं व्यक्तित्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति थे। उनका मानना था कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र एवं व्यक्तित्व का निर्माण करना भी है। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण एवं उनके विचार आज भी सभी के लिए प्रेरणादायक हैं। डायरेक्टर गोपाल लड्ढा ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने शिक्षकों से निरंतर सीखते रहने तथा विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या नेहा शर्मा ने कहा कि गुरु का स्थान जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव रखने का संदेश दिया। बीएड प्रधानाचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव एवं संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने एवं उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। फार्मेसी प्रधानाचार्य अश्विनी शर्मा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में प्रकाश की तरह होते हैं। वे विद्यार्थियों को सही-गलत का अंतर समझाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कोषाध्यक्ष कपिल लड्ढा ने भी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने शिक्षकों को कार्ड एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया।
