हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 12 जून, शुक्रवार से शहरी सेवा शिविर-2026 की शुरुआत हो गई। नगर परिषद की ओर से आयोजित यह अभियान 15 जुलाई तक शहर के विभिन्न वार्डांे में संचालित किया जाएगा। जंक्शन स्थित नगर परिषद उप कार्यालय में पहले दिन आयोजित शिविर में करीब 15 पट्टों का वितरण किया गया तथा विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े आवेदनों का निस्तारण किया गया। शिविर के दौरान नामांतरण, निर्माण स्वीकृति, जन्म-मृत्यु पंजीयन तथा विवाह पंजीयन से संबंधित आवेदन पत्रों पर भी कार्रवाई की गई। शिविर का निरीक्षण अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया और नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नगर परिषद में लंबित प्रकरणों और अभियान अवधि में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निस्तारण करना है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को राहत मिल सके। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव अभियान दिवस या अभियान अवधि के दौरान ही निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित कार्यांे से संबंधित आवेदन शिविरों में प्रस्तुत कर राज्य सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न रियायतों और सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किया गया है, वहां अब राजस्थान नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही पट्टे जारी किए जाएंगे। यदि आवेदकों के पास आवश्यक एवं वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं तथा वे निर्धारित पात्रता रखते हैं तो नगर परिषद की ओर से उन्हें पट्टे प्रदान किए जाएंगे। सुरेन्द्र यादव ने बताया कि पंचायतों से प्राप्त रिकॉर्ड का परीक्षण किया जा रहा है। यदि रिकॉर्ड में कोई लंबित आवेदन सामने आता है तो उसका भी नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का मामला लंबित न रहे।
