श्रीगंगानगर। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न एजेंसियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि एफसीआई, तिलम संघ, एनसीसीएफ और आरएसएफसीएससी सहित सभी खरीद एजेंसियां गेहूं खरीद शुरू होने से पहले अपनी तैयारियां पूरी कर लें। साथ ही कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों को भी खरीद से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बारदाना, परिवहन, उठाव और भंडारण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया और कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद सुचारू रूप से करवाई जाएगी। बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा गेहूं खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा। जिले में एमएसपी पर गेहूं खरीद 30 जून 2026 तक की जाएगी। गेहूं खरीद के लिए किसानों को खाद्य विभाग की वेबसाइट food.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। एमएसपी पर गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण 1 फरवरी से शुरू हो चुका है और 25 जून 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव, जिला रसद अधिकारी कविता सिहाग सहित एफसीआई, तिलम संघ, एनसीसीएफ और आरएसएफसीएससी के अधिकारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने स्लॉट बुकिंग और बायोमैट्रिक व्यवस्था हटाने की उठाई मांग
बैठक के बाद राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के पदाधिकारियों और मंडी व्यापारियों ने जिला कलक्टर से मुलाकात कर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के दौरान स्लॉट बुकिंग और बायोमैट्रिक व्यवस्था हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इस पर जिला कलक्टर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से राज्य सरकार को अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव सहित व्यापारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
