हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में संचालित कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंटीन की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता तथा कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए उपलब्ध बैठने की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंटीन संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि खाने-पीने की सामग्री में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा केवल ताजा और मानक सामग्री का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में एक्सपायरी डेट वाली खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं किया जाए। साथ ही कैंटीन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और आने वाले कर्मचारियों व आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
