हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के मुख्य मार्ग पर चल रहा सड़क निर्माण कार्य अब राहत की बजाय परेशानी का कारण बनता जा रहा है। राजीव चौक से सूरतगढ़ रोड स्थित ओवरब्रिज तक का इलाका इन दिनों धूल, कीचड़ और जलभराव से जूझ रहा है। अधूरी सड़क और बेतरतीब निर्माण कार्य के चलते आसपास के दुकानदारों और आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। बस स्टैंड के पास दुकानदार मुकेश कुमार और राधेश्याम ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान सीमेंट के चौकों को उखाड़कर दुकानों के आगे ही बड़े-बड़े ढेरों में डाल दिया गया है। सोमवार रात हुई बारिश के बाद इन ढेरों के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई और दुकानों के बाहर जलभराव हो गया।

मंगलवार को हालात ऐसे हो गए कि कई वाहन कीचड़ और पानी में फंस गए, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। दुकानदारों ने बताया कि पिछले करीब ढाई महीने से सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है, लेकिन दोबारा निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इस वजह से ग्राहकी पर सीधा असर पड़ रहा है। दुकानों के आगे वाहन खड़े करने की जगह नहीं बची है और दिनभर उड़ती धूल-मिट्टी के कारण दुकानों पर बैठना भी मुश्किल हो गया है। कई बार तो सांस लेने में भी परेशानी महसूस होती है। व्यापारियों ने यह भी बताया कि करीब पांच साल पहले बनी सड़क का लेवल नीचा होने के कारण हर बारिश में जलभराव की समस्या रहती थी।

इसी समस्या के समाधान के लिए सड़क का लेवल ऊंचा करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में अधूरा निर्माण ही नई मुसीबत बन गया है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिले, आवागमन सुचारू हो और व्यापार पर पड़ रहा नकारात्मक असर खत्म हो सके।
