हनुमानगढ़। सड़क दुर्घटना में जलदाय विभाग के एक कर्मचारी की मौत का मामला सामने आया है। नोहर पुलिस थाना में मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी रिपोर्ट में ललानिया निवासी रोहताश पुत्र रणजीत जाट ने बताया कि उसका भाई रामनिवास (35) जलदाय विभाग नोहर में कर्मचारी था। 23 मई की शाम को वह मोटर साइकिल संख्या आरजे 49 एसजे 0620 पर नोहर से अपने गांव ललानिया लौट रहा था। रिपोर्ट के अनुसार शाम करीब 7.15 बजे दौलेवाला बास से करीब एक किलोमीटर आगे मयंक ईंट उद्योग के पास सामने से आ रही मोटर साइकिल संख्या आरजे 49 एसजी 2176 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रामनिवास की मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में रामनिवास के सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद हुणताराम जाट निवासी श्योराणी और रामनिवास कस्वां ने घायल को तुरंत नोहर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक गंभीर चोटों के कारण रामनिवास की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने राजकीय अस्पताल नोहर के मोर्चरी कक्ष में रखवा मृतक रामनिवास का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद को सौंपी है।
