हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र के गांव सिंहपुरा में हुए सड़क हादसे में राजस्थान पुलिस के एक ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धोलीपाल निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो पुलिस थाना सादुलशहर, जिला श्रीगंगानगर में ड्राइवर पद पर कार्यरत थे। मामले में संगरिया थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में धोलीपाल निवासी दिनेश कुमार (36) पुत्र कृष्णलाल जाट ने बताया कि उसका भाई विनोद कुमार राजस्थान पुलिस में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में सादुलशहर पुलिस थाना में तैनात था। रिपोर्ट के अनुसार 24 मई की सुबह करीब 6 बजे विनोद कुमार कार संख्या पीबी 10 जीटी 7597 से हनुमानगढ़ की तरफ आ रहे था। इसी दौरान सिंहपुरा के पास दुर्घटना होने की सूचना मिली। परिजनों ने सादुलशहर पुलिस थाना से जानकारी ली तो बताया गया कि विनोद कुमार ड्यूटी पर हनुमानगढ़ की ओर जा रहा था। बताया गया कि सुबह करीब 6.15 बजे सिंहपुरा के पास किसी अज्ञात वाहन से उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें विनोद कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं। एम्बुलेंस की मदद से उन्हें राजकीय अस्पताल हनुमानगढ़ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव राजकीय अस्पताल हनुमानगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया। संगरिया थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई श्रवण कुमार को सौंपी है।
