हनुमानगढ़। किशनपुरा दिखनादा स्थित सरस्वती वीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आर्ट्स संकाय में विद्यालय की तीन छात्राओं ने 96 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्मी ने अपनी सफलता का श्रेय पिता कुलदीप और माता सुनीता को दिया। उनका लक्ष्य भविष्य में आरएएस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना है। इसी प्रकार छात्रा प्रीति ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल किए।

प्रीति ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पिता रामचंद्र और माता सुमन देवी को दिया। वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं। वहीं छात्रा दीक्षा ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। दीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय पिता मैनपाल और माता रेणु को दिया तथा उनका सपना आईएएस अधिकारी बनना है।विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सभी छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। छात्राओं की इस सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
