हनुमानगढ़। जिला कलक्टर कार्यालय, हनुमानगढ़ की ओर से शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने नगरपरिषद हनुमानगढ़ एवं जिले की समस्त नगरपालिकाओं को निर्देश जारी करते हुए मुख्य बाजारों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े किए जा रहे रेहड़ियों, ठेलों और दोपहिया वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि बिना किसी प्लानिंग के सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए जाने तथा दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी जोखिम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के ट्रैफिक प्रभारियों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जिला कार्यालय को प्रस्तुत करें। प्रकरण की प्रति जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को भी प्रेषित की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही समस्त उपखंड अधिकारियों को भी यातायात व्यवस्था सुधार के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग एवं आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की।
