हनुमानगढ़। महिला एवं बाल जागृति मंच सेवा समिति सदस्यों ने सोमवार को समिति अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान समिति सदस्यों की ओर से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों की भागीदारी को अभियान की सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि जब समाज के विभिन्न वर्ग इस तरह के जनहित अभियानों से जुड़ते हैं, तब उनका प्रभाव अधिक व्यापक होता है। उन्होंने समिति के सदस्यों से अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाने का आह्वान किया। समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि महिला एवं बाल जागृति मंच सेवा समिति पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाती रही है। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत भी समिति पौधरोपण, जनजागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को गति देने का कार्य करेगी। इस मौके पर समिति कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, सचिव लीजा गोयल, आशा मित्तल, सोनू अग्रवाल, वनिता सिंगला एवं अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
