हनुमानगढ़। होली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने व्यापक सतर्कता अभियान शुरू कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के निर्देश पर सभी आबकारी निरीक्षकों और प्रहराधिकारियों को गश्त बढ़ाने, नियमित दुकान निरीक्षण करने तथा प्रमुख मार्गांे पर नाकाबंदी करने के आदेश जारी किए गए हैं। विशेष रूप से भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर सघन नाकाबंदी की जाएगी, ताकि बाहरी क्षेत्रों से अवैध शराब की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। शनिवार को आयोजित बैठक में जिला आबकारी अधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निगरानी, त्वरित कार्रवाई और निरंतर फील्ड मॉनिटरिंग के स्पष्ट निर्देश दिए। जिला आबकारी अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
2026-27 के लिए बंदोवस्त प्रक्रिया जारी
जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि वर्तमान में विभाग में सेटलमेंट प्रक्रिया चल रही है। वर्ष 2026-27 के लिए बंदोवस्त की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। जिले में कुल 360 शराब दुकानें हैं, जिन्हें 334 करोड़ रुपए की गारंटी के तहत आवंटित किया जाना है। अब तक 322 दुकानों का बंदोवस्त हो चुका है। शेष दुकानों के आवंटन और उठ चुकी दुकानों की राशि जमा करवाने की प्रक्रिया जारी है। इसी कारण शनिवार को भी आबकारी विभाग का कार्यालय खुला रखकर कार्य संपादित किया गया। होली से पूर्व विभाग की सक्रियता से साफ है कि प्रशासन अवैध शराब कारोबार पर कड़ी नजर रखे हुए है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
