हनुमानगढ़। सशक्त नारी संस्थान की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को महिला सम्मान समारोह ‘प्रतिष्ठा 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जंक्शन स्थित टाउन रोड पर ग्रैंड इन होटल में आयोजित होगा। समारोह में हनुमानगढ़ जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली चयनित 101 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को पहचान देना तथा “जहां नारी करे, नारी का सम्मान” संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को सशक्त नारी संस्थान की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, अतिथि आमंत्रण, सम्मानित होने वाली महिलाओं के चयन, मंच व्यवस्था, स्वागत प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संस्थान के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन हनुमानगढ़ जिले का पहला और अब तक का सबसे बड़ा महिला सम्मान समारोह होगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कला-संस्कृति, खेल और समाजसेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर मंच प्रदान किया जाएगा। सम्मान के लिए महिलाओं का चयन एक विशेष पैनल द्वारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन के लिए शहर के कई प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग प्राप्त हुआ है। बैठक में संरक्षक सरोज अग्रवाल, शिमला गुप्ता, सचिव प्रीति गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल सहित दीपमाला गेरा, शिवानी स्वामी, अलका शर्मा, कुलदीप कौर, सुखप्रीत कौर एवं बिंदु सोनी उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।
