भादरा। भादरा थाना क्षेत्र के गांव मुन्सरी निवासी 23 वर्षीय युवक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर अपहरण का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर अवस्था में राजकीय अस्पताल भादरा से हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रकरण में पुलिस थाना भादरा में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मुन्सरी निवासी सुभाष (51) पुत्र मंगतूराम नाई ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा राहुल (23), जो हलवाई का कार्य करता है, को गांव में तेज रफ्तार से गाड़ियां घुमाने के मुद्दे पर कुछ लोगों से रंजिश हो गई थी। आरोप है कि दड़ोली (हरियाणा) निवासी रवि व प्रीतम गुर्जर सहित अन्य लोग गांव में शराब का ठेका चलाते हैं और पूर्व में ग्रामीणों की ओर से समझाइश के दौरान राहुल भी मौजूद था, जिसके बाद से उससे रंजिश रखी जा रही थी। रिपोर्ट के अनुसार 27 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे राहुल को एक अनजान नम्बर से फोन आया, जिसमें खुद को रवि बताकर जान से मारने की धमकी दी गई। दोपहर करीब 1 बजे राहुल मुन्सरी से भादरा आ रहा था। सिकरोड़ी गांव के पास बिना नम्बर की कैम्पर गाड़ी में सवार आरोपियों ने उसकी बोलेरो को रुकवाया। आरोप है कि रवि व प्रीतम सहित 3-4 अन्य लोगों ने राहुल को नीचे उतारकर गाड़ी की चाबी छीन ली और लोहे की रॉड, लाठियों व डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान दो-तीन अन्य बिना नम्बर की कैम्पर गाड़ियां भी मौके पर आ गईं, जिनमें 10-15 लोग और सवार थे। आरोपियों ने कथित रूप से युवक को गाड़ी में डाल लिया तथा उसके गले से सोने की चेन और जेब से 1270 रुपए निकाल लिए। बताया गया है कि आरोपी युवक को जान से मारने की नीयत से ले जा रहे थे, तभी मुन्सरी गांव की अन्य गाड़ियां आती दिखाई दीं। इस पर आरोपी घबरा गए और कुछ दूरी पर राहुल को सड़क पर पटककर फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल को राजकीय अस्पताल भादरा पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुसंधान एएसआई जगदीश प्रसाद को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं तथा पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
