हनुमानगढ़। जिलेभर के राशन डीलरों ने लंबे समय से लंबित बकाया भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत टाउन क्षेत्र में जिले के समस्त राशन डीलरों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक सितंबर 2025 से लंबित कमीशन राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक राशन वितरण कार्य पूरी तरह बंद रखा जाएगा। बैठक के पश्चात राशन डीलरों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला रसद अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें हड़ताल संबंधी निर्णय से अवगत कराया। इस दौरान एक लिखित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि डीलरों को पिछले कई महीनों से कमीशन का भुगतान नहीं मिला है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि बकाया राशि जारी होने तक जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत कोई भी राशन वितरण नहीं किया जाएगा। यूनियन संयोजक राजकुमार छाबड़ा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राशन डीलरों को दिया जाने वाला कमीशन लंबे समय से अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2025 से अब तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे डीलरों की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है। किराया, बिजली बिल, कर्मचारियों का वेतन और परिवार के दैनिक खर्चों का निर्वहन करना भी मुश्किल हो गया है। राजकुमार छाबड़ा ने कहा कि राशन डीलर पहले ही कम कमीशन पर काम कर रहे हैं और समय पर भुगतान न मिलने से उनका जीवन यापन संकट में पड़ गया है। कई डीलरों को कर्ज लेने की नौबत आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते मजबूरन अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। डीलरों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक प्रदर्शन किए जाएंगे। डीलरों का कहना है कि वे सरकार से टकराव नहीं चाहते, लेकिन अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन करना उनकी मजबूरी बन गई है। वहीं इस हड़ताल का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना है। जिले के हजारों राशन कार्डधारकों को समय पर गेहूं, चावल और अन्य आवश्यक खाद्यान्न नहीं मिल पाएंगे। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन हड़ताल लंबी चली तो व्यवस्था प्रभावित होना तय माना जा रहा है। राशन डीलरों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र बकाया राशि जारी की जाए, ताकि वितरण व्यवस्था पुनः सुचारु रूप से शुरू की जा सके।
