हनुमानगढ़। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर 20 जून को आयोजित होने वाले कॉमन योगा प्रोटोकॉल अभ्यास, योग साधना एवं वैदिक हवन-यज्ञ कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को विधायक गणेश राज बंसल की ओर से किया गया। इस मौके पर मौजूद गणमान्य नागरिकों एवं अधिकारियों ने आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेने का आह्वान किया। आयोजकों ने बताया कि 20 जून को सुबह 6 बजे टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान एवं वैदिक हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा भारतीय संस्कृति एवं वैदिक परंपराओं से जोड़ना है। विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली एक वैज्ञानिक एवं प्राचीन जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। इस मौके पर आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा, राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केन्द्र के प्रभारी डॉ. कुलदीप, हेमलता कंवर, राम नारायण, मनोज बंसल, निवर्तमान पार्षद प्रमोद सोनी, बालकृष्ण गोल्याण, मुकेश सैन, पंकज सोनी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में कॉमन योगा प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम में विद्यार्थी, महिलाएं, युवा, वरिष्ठ नागरिक सहित सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकेंगे। योग और यज्ञ के माध्यम से व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक एवं आध्यात्मिक उन्नति का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
