हनुमानगढ़। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति की ओर से 1 से 7 अक्टूबर तक सप्तदिवसीय अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। सप्ताह के दौरान अणुव्रत के नैतिक, मानवीय एवं सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम होंगे। अणुव्रत किसी धर्म, जाति, वर्ण अथवा संप्रदाय तक सीमित न होकर संपूर्ण मानवता के लिए नैतिक आचार-संहिता का संदेश देता है। उद्बोधन सप्ताह के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर बुधवार को सप्ताह के बैनर का अनावरण अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं सीओ सिटी मीनाक्षी लेघा ने किया। इस मौके पर अरविंद बिश्नोई ने अणुव्रत के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने को सकारात्मक परिवर्तन की महत्वपूर्ण दिशा बताते हुए इसके नैतिक एवं सामाजिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में आंचलिक निवर्तमान अध्यक्ष जैन प्रकाश जैन, अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुभाष बांठिया, मंत्री आनंद जैन, जंक्शन सभा अध्यक्ष हरीश दफ्तरी, मंत्री ऋषभ चौरड़िया, प्रोफेशन फोरम के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज गोलछा, भारतीय जैन संगठन अध्यक्ष विजय लूणावत, युवक परिषद अध्यक्ष गौरव जैन तथा सभा कार्यकारिणी सदस्य शांतिलाल बेद मौजूद रहे। अणुव्रत प्रेरणा दिवस के तहत 1 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज, जंक्शन तथा 11.30 बजे व्यापार मंडल स्कूल, टाउन में कार्यक्रम होंगे। इनमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ अणुव्रत गीत का सामूहिक गायन होगा। साथ ही अणुव्रत जीवनशैली, नैतिकता, सद्भाव, ईमानदारी, अनुशासन एवं नशामुक्त जीवन को लेकर प्रेरणात्मक संदेश दिया जाएगा। 4 अक्टूबर को नशामुक्ति दिवस के मौके पर सुबह 7.30 बजे नेशनल पब्लिक स्कूल, तिलक सर्किल से अबोहर रोड स्थित श्रीदेवी कॉलेज तक मैराथन रैली निकाली जाएगी।
