हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला अस्पताल में बहन को खाना देने आए युवक की बाइक रात के समय चोरी हो गई। युवक ने बाइक को अस्पताल के डिलीवरी कक्ष के पास खड़ा किया था। सुबह नीचे आने पर बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर टाउन पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार राकेश कुमार (32) पुत्र खेतपाल भाट निवासी वार्ड नंबर 9, चक हरिपुरा ने रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि उसकी बहन टाउन के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती थी। वह 31 जुलाई को घर से बहन के लिए खाना लेकर अपनी बाइक नंबर आरजे 31 एसएन 3875 से अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल में पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण उसने बाइक डिलीवरी कक्ष के पास खड़ी कर दी और रात को डिलीवरी कक्ष के ऊपर चला गया। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे नीचे आया तो बाइक मौके से गायब मिली। उसने आसपास काफी तलाश की और बाइक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन बाइक या उसे चोरी करने वाले अज्ञात व्यक्ति का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक कृष्णलाल को सौंपा गया है। पुलिस अस्पताल परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित बाइक की तलाश में जुटी है।
