ऐलनाबाद। नचिकेतन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऐलनाबाद में “आई टीच डे” एवं वार्षिक उत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह, हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की विशेषता “आई टीच डे” रही, जिसमें कक्षा नर्सरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षा के एक-एक विषय का चयन कर शिक्षक की भूमिका निभाई। नन्हें विद्यार्थियों ने पूर्ण आत्मविश्वास के साथ यह प्रदर्शित किया कि शिक्षक कक्षा में किस प्रकार शिक्षण कार्य करते हैं।

उनकी प्रभावशाली प्रस्तुतियों को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह का संचार किया। गिद्धा, भांगड़ा, “ऑपरेशन सिंदूर” तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत “आजादी” विषय पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजस्थानी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने भारत की सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक प्रस्तुत की। वहीं कक्षा 11 की छात्राओं ने भांगड़ा एवं “यूनिटी इन डाइवर्सिटी” विषय पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुरेंद्र गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथियों में आर.आर. मेमोरियल के डायरेक्टर अनिल नेहरा, इंदु नेहरा, अंजनी लड्डा, राज गुप्ता, उमा गुप्ता, मेघा गुप्ता एवं संतोष गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान जेईई मेन्स परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यालय के आठ विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को मंच पर सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर समूचे विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त किया। विद्यालय के डायरेक्टर वेद प्रिय गुप्ता, को-डायरेक्टर वेद मित्तर गुप्ता, सेक्रेटरी गुरमुख सिंह ढिल्लों एवं प्रिंसिपल सुजाता पारीक के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह समारोह अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा। अंत में समस्त स्टाफ सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। यह आयोजन विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक समृद्धि एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का जीवंत उदाहरण सिद्ध हुआ।
