ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस ने जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो अपलोड कर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों की अब “खैर नहीं” है और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि कुछ लोग फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर समाज में रुतबा दिखाने तथा भय का माहौल बनाने का प्रयास करते हैं। यह कृत्य पूर्णतः गैरकानूनी है और विशेषकर युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एक सार्वजनिक मंच है, इसलिए वहां हथियारों का प्रदर्शन सार्वजनिक प्रदर्शन की श्रेणी में आता है, जो कानूनन अपराध है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर सूची तैयार की जाए। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति लाइसेंसी हथियार का सार्वजनिक प्रदर्शन करता पाया जाता है तो उसका शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी तुरंत शुरू की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि लाइसेंसी हथियार का भी सार्वजनिक प्रदर्शन शस्त्र अधिनियम की शर्तों का उल्लंघन है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हथियारों के साथ फोटो या वीडियो अपलोड करने वालों को तीन वर्ष तक की सजा और भारी जुर्माना हो सकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अपराधियों की पोस्ट को लाइक, शेयर या कमेंट करने वाले लोग भी पुलिस की निगरानी में रहेंगे। कई बार युवा वर्ग ऐसे पोस्ट से प्रभावित होकर गलत दिशा में कदम बढ़ा देता है। ऐसे युवाओं एवं उनके अभिभावकों की काउंसलिंग की जाएगी, ताकि उन्हें अपराध के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा सके। एसपी दीपक सहारण ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो अपलोड कर भय उत्पन्न करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सिरसा पुलिस का उद्देश्य समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना और युवाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। सोशल मीडिया के दुरुपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
