ऐलनाबाद। जिला प्रशासन द्वारा खंड रानियां के गांव दारेवाला स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका त्वरित व प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में गांव दारेवाला सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया, जिला परिषद के सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र, डीएसपी आदर्शदीप सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, उप निदेशक कृषि डॉ. सुखदेव सिंह तथा पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखविंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत दिन के समय विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। एडीसी वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि ग्रामीण स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने दें।

