
हनुमानगढ़। प्लाट के फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के आरोप में रावतसर पुलिस थाना में दर्ज मुकदमे के जांच अधिकारी पर आरोपी पक्ष के दबाव में होने का आरोप लगाते हुए परिवादिया दिव्यांग महिला ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। उन्होंने जांच अधिकारी बदलने की मांग की। दिव्यांग महिला सुन्दर देवी पुत्री ईशरराम भाखर निवासी चक 10 केडब्ल्यूडी, भाखरांवाला तहसील रावतसर ने बताया कि उसने 4 दिसम्बर 2024 को रावतसर पुलिस थाना में कुलवन्त सिंह, राजकुमार, बहादुर सिंह व अमरपाल के खिलाफ उसके साथ प्लाट के फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने, ठगी मारने का मुकदमा न्यायालय के जरिए दर्ज करवाया था। इस मुकदमे की जांच वर्तमान में एएसआई बिरजु सिंह कर रहे हैं। लेकिन एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी न तो पूर्व और न ही वर्तमान जांच अधिकारी की ओर से आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है।

