ऐलनाबाद। सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण करमशाना फिशरी फार्म में आयोजित किया गया। यह भ्रमण कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर साइंस विभाग की बी.एससी. प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं के साथ अध्यापिका महक मेहता एवं शैफी सरदाना भी उपस्थित रहे। फिशरी फार्म में हेड भीषमदेव त्यागी ने छात्राओं को मछली पालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न मछलियों की प्रजातियों, उनके पालन-पोषण, संरक्षण तथा उनके विकास के लिए आवश्यक स्वच्छ पानी, संतुलित आहार और उचित तापमान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही मछली पालन के व्यावसायिक महत्व एवं रोजगार के अवसरों के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने मछलियों को न केवल देखा, बल्कि उन्हें हाथों में लेकर उनके बारे में व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त की, जिससे उनका अनुभव और अधिक समृद्ध हुआ। कॉलेज की मैनेजमेंट सदस्य डोली मेहता ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं और उन्हें इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे भ्रमण छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और छात्राओं ने इस शैक्षणिक भ्रमण से अनेक नई जानकारियां प्राप्त कीं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
