ऐलनाबाद। हरियाणा पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीती रात “नाइट डोमिनेशन अभियान” चलाया। यह अभियान रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे तक डिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंटरस्टेट नरेल खेड़ा नाके पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिला के बॉर्डर एरिया में सघन चेकिंग की गई तथा जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस टीम ने कुल 210 वाहनों की जांच की, जिनमें से नियमों का उल्लंघन करने पर 17 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय अपराध पर अंकुश लगाना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर, गश्त बढ़ाकर और विशेष टीमें गठित कर लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे आपराधिक तत्वों में भय बना रहे। उन्होंने आगे बताया कि सिरसा पुलिस समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाती रहेगी, ताकि कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच न सके। विशेष रूप से रात्रि में यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। एसपी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही महिलाओं से हेल्पलाइन नंबर 112 पर पंजीकरण कराने का आग्रह किया गया है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इस तरह के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
