ऐलनाबाद। जिला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसते हुए झपटमारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 अप्रैल 2026 को बैंक कॉलोनी, सिरसा में एक महिला के साथ छीना-झपटी की वारदात हुई थी। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह बैंक कॉलोनी और नहर कॉलोनी के बीच बनी दीवार के पास सीमेंट की कुर्सी पर बैठी थी, तभी एक नकाबपोश युवक उसके कानों से बालियां छीनकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन सिरसा में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान खैरपुर पुलिस चौकी की टीम ने अहम सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आयुष उर्फ आशु निवासी रोड़ी गेट सिरसा (हाल जंडीवाली गली खैरपुर) और साहिल उर्फ मोनू निवासी बुढाभाणा (हाल भारत नगर, सिरसा) को दिल्ली पुलिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर 5 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरोह के एक अन्य सदस्य की पहचान कर ली गई है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर चोरी की गई सोने की बालियां भी बरामद की जाएंगी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
