हनुमानगढ़। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे विकास शर्मा के नेतृत्व में करीब 50 लोगों ने कांग्रेस व निर्दलीय का साथ छोडक़र भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नव शामिल हुए सदस्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू एवं भाजपा नेता अमित चौधरी ने विकास शर्मा का पार्टी में विधिवत स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का पटका पहनाया। दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री के नेतृत्व और संगठन की कार्यशैली से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा। इस राजनीतिक बदलाव के पीछे सुरेशिया क्षेत्र के सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता सूरज बावरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सतत प्रयासों और मध्यस्थता के चलते ही विकास शर्मा सहित अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया। स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने में सूरज बावरी की सक्रियता को पार्टी नेताओं ने सराहा। नवप्रवेशी विकास शर्मा ने इस मौके पर कहा कि उन्होंने भाजपा की विचारधारा, विकास कार्यांे और जनहितकारी योजनाओं से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के साथ जुडक़र वे क्षेत्र के विकास में अधिक प्रभावी योगदान दे सकेंगे। साथ ही उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर पार्टी को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी में बढ़ती सदस्यता इस बात का प्रमाण है कि आमजन का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी होती है और इस तरह के जुड़ाव से पार्टी को जमीनी स्तर पर बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने नव शामिल हुए सदस्यों से संगठन की रीति-नीति को अपनाकर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी निकाय चुनावों में भाजपा को इस नए जुड़ाव का सीधा लाभ मिलेगा और पार्टी पहले से अधिक मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
