हनुमानगढ़। दो वर्ष पूर्व दो नाबालिग बच्चियों से गैंगरेप के चर्चित मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को संगरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर, संगरिया वृताधिकारी रमेश माचरा के सुपरविजन तथा संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 435/2024 में फरार 25 हजार के इनामी आरोपी विशाल (22) पुत्र जय सिंह नाई निवासी सदलपुर, हाल गांव आदमपुर जिला हिसार, हरियाणा को हरियाणा के आदमपुर क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। एसपी के अनुसार, 20 जुलाई 2024 को परिवादी ने अपनी नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मामला गैंगरेप का पाया गया। इस मामले में बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट व एससीएसटी एक्ट की धाराओं में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई रणबीर सिंह, कांस्टेबल प्रवीण कुमार व रामावतार शामिल रहे।
