हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीलीबंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थां, हथियारों व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है।

इसी क्रम में नोहर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी तथा रावतसर के वृताधिकारी सुभाष गोदारा के सुपरविजन में पीलीबंगा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद कड़वासरा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने गश्त के दौरान मंडी पीलीबंगा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मनप्रीत सिंह उर्फ काला (21) पुत्र प्रेमसिंह निवासी भोजो की पट्टी मोड जिला तरनतारण, पंजाब तथा सुखविन्द्र सिंह (25) पुत्र बोहड़ सिंह निवासी सैदो पीएस पट्टी मोड जिला तरनतारण, पंजाब के कब्जे से 45 ग्राम हेरोइन बरामद की। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद कड़वासरा कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई वीरचंद व टीम शामिल रही।
