हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी के केन्द्रीय कोऑर्डिनेटर इंजीनियर सीपी सिंह ने कहा कि बसपा ही देश की ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो बहुजन समाज की वास्तविक हितैषी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छोटे-छोटे प्रलोभनों से बचते हुए पार्टी को मजबूत बनाने और राजस्थान में बसपा की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। सोमवार को संगरिया विधानसभा क्षेत्र के किशनपुरा उत्तराधा गांव में आयोजित सेक्टर स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए सीपी सिंह ने कहा कि बसपा ही भारतीय संविधान को पूर्ण रूप से लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अपने राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठन को मजबूती प्रदान करनी चाहिए। प्रदेश प्रभारी प्रेम बारूपाल ने कहा कि बसपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि महापुरुषों के विचारों पर आधारित एक सामाजिक आंदोलन भी है, जो सत्ता प्राप्त कर समाज की समस्याओं का समाधान करना चाहता है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता है। लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला ने कहा कि बसपा समाज को मान-सम्मान का जीवन देना चाहती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर राजस्थान में भी बसपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल चुनाव के समय वादे करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद आमजन की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बसपा को सत्ता तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आग्रह किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजय अठवाल, रेणु अठवाल, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी रोहिताश चौपड़, चन्द्रशेखर खुड़ीवाल, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शंकर नायक, ओमप्रकाश चौपड़ा, जनकराज बौद्ध, ओंकार भाट, महावीर धानिया, आत्माराम गुघरवाल, पृथ्वीराज मेहरड़ा, जोतराम चालिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
